महिला अधिकार संबंधी कानूनों के बारे में दी जानकारी

जयपुर। राजकीय महाविद्यालय, कंवर नगर, ब्रह्मपुरी में गुरुवार को राज्य महिला नीति-2021 तथा महिला प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में ‘दहेज कानून, पुत्रियों का सम्पति अधिकार तथा कार्यस्थल पर महिला यौन उत्पीड़न अधिनियम-2013’ विषय पर व्याख्यान का आयोजन किया गया। व्याख्यान में मुख्य वक्ता के रूप में प्रो. रेणुका पामेचा, अध्यक्ष (विविधा) को आमंत्रित किया गया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारम्भ करते हुए महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. सुमन भाटिया ने पधारे हुए मुख्य वक्ता का स्वागत किया तथा अपने उद्बोधन में महाविद्यालय के विद्यार्थियों को महिला अधिकार संबंधी कानूनों के बारे में जानकारी देते हुए महिलाओं से संबंधित विभिन्न मुद्दों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। मुख्य वक्ता प्रो. रेणुका पामेचा ने सर्वप्रथम महाविद्यालय में उपस्थित सभी संकाय सदस्यों तथा विद्यार्थियों को संविधान की शपथ दिलवायी। उसके पश्चात अपने उदबोधन में बताया कि भारत के नागरिक होने के नाते हमें स्वतंत्रता, समानता, न्याय तथा गरिमापूर्ण जीवन जीने का अधिकार प्राप्त है। प्रो. पामेचा ने अपने उदबोधन में महिला अधिकारों तथा मानव अधिकारों के महत्व पर बल दिया। उन्होंने महिलाओं को संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान करते हुए महाविद्यालय के विद्यार्थियों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंतर्गत राज्य सरकार की महत्वपूर्ण योजना ‘उड़ान’ के अंतर्गत छात्राओं को निःशुल्क सैनेटरी नैपकिन भी वितरित किए गए। कार्यक्रम का संचालन बी.ए. भाग-द्वितीय की छात्रा शबाना बानो ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन बी.ए. भाग- द्वितीय की छात्रा शालिनी महावर द्वारा किया गया। कार्यक्रम में राज्य महिला नीति की नोडल अधिकारी डॉ. नीलम शर्मा, ललिता शर्मा, नीतू यादव, डॉ. अजीत सिंह चौधरी, संगीता कुमारी, विवेक कुमार चूलेट, महेश मीणा और छुट्टन लाल मीणा सहित महाविद्यालय के समस्त विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

Comments